राजकीय बालिका इंटर कॉलेज डोहरी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)
सोनभद्र। शाहगंज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज डोहरी में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह में मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष श्री मानवेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि राजस्व निरीक्षक श्री तेज प्रताप सिंह एवं श्री अनिल कुमार मौर्य उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा छात्राओं की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत डांडी मार्च रहा, जिसने स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक स्मृतियों को जीवंत कर दिया। डांडी मार्च का आयोजन कक्षा अध्यापिका उर्वशी जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया।
छात्राओं विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा विषय पर छात्राओं की प्रस्तुतियां विशेष रूप से सराहनीय रहीं। इन कार्यक्रमों के आयोजन में आंचल जायसवाल, गीता वर्मा एवं पूनम यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन एवं आयोजन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ. गीता यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ। छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना दिया।
समारोह के सफल आयोजन में विभा चंद्रमोहिनी दीपा रंजना राधेश्याम सिंह सहित रविशंकर, अंगद कुशवाहा, कृष्णा एवं सुभाष चंद्र शालिनी वंदना शिवानी दीपिका शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. आरती सिंह द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अतिथियों के द्वारा छात्राओं को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गईl राष्ट्रगान एवं मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।






0 टिप्पणियाँ